चेन्नई – तमिलनाडु कांग्रेस के एक नेता मणिकंदन ने कहा है कि जिस भी जज ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को सजा सुनाई है वो उस जज की जुबान काट देंगे। ये बयान तमिलनाडु कांग्रेस के डिंडीगुल जिला के अध्यक्ष मणिकंदन ने दिया है। पुलिस ने फिलहाल उनके इस बयान को लेकर एक मामला दर्ज कर लिया है।
इस बयान के सामने आने के बाद पुलिस अधिकारी ने बताया कि मणिकंदन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मणिकंदन ने यह बयान पार्टी नेता राहुल गांधी के समर्थन में 6 अप्रैल को किए गए प्रदर्शन के दौरान दिया था। मणिकंदन ने कहा था कि जब हम सत्ता में आएंगे तब उस जज की जुबान काट देंगे जिसने राहुल गांधी के खिलाफ फैसला सुनाया है।
ज्ञात रहे कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को गुजरात की अदालत द्वारा वर्ष 2019 के मानहानि मामले में दोषी करार दिए जाने और उन्हें दो वर्ष कैद की सज़ा सुनाए जाने की वजह से उनकी संसद की सदस्यता खत्म हो गई थी।
