चेन्नई :- राजस्थान रॉयल्स के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में अंपायरों के ओस के कारण स्वयं ही गेंद बदलने के फैसले पर हैरानी जतायी है।

इस मैच में काफी ओस पड़ने के बाद अंपायरों ने स्वयं ही दूसरी पारी के दौरान गेंद को बदल दिया। इस मैच में अश्विन ने अच्छी गेंदबाजी कर दो विकेट लिए।
अश्विन ने कहा कि उन्होंने इससे पहले ऐसा कभी नहीं देखा जब अंपायरों ने बहुत अधिक ओस गिरने पर गेंद बदली हो। उन्होंने मैच के बाद कहा,‘‘ यह हैरानी भरा रहा कि अंपायरों ने ओस के कारण अपनी ओर से ही गेंद बदल दी।
ऐसा इससे पहले कभी नहीं हुआ था जिससे मैं हैरान था। साथ ही कहा कि इस बार आईपीएल में लिए गए कुछ फैसलों से मैं थोड़ा हैरत में हूं यह इसलिए क्योंकि इसके अच्छे या गलत परिणाम निकल सकते हैं।
इसलिए मेरा मानना है कि आपको थोड़ा संतुलन बनाने की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा,‘‘ हमारी टीम गेंदबाजी कर रही थी और हमने गेंद बदलने के लिए भी नहीं कहा था।
इसके बाद भी अंपायरों ने अपनी मर्जी से गेंद बदल दी। मैंने अंपायर से पूछा और उन्होंने कहा कि हम ऐसा कर सकते हैं।’’
अश्विन ने कहा,‘‘ इसलिए मुझे उम्मीद है कि जब भी ओस पड़ रही होगी तब वे इसे बदल सकते हैं।
आप जो भी करना चाहें कर सकते हैं पर आपको एक मानक तय करना होगा।’’ इस स्पिनर ने कहा कि वह अपने खेल का पूरा आनंद उठा रहे हैं। वह हमेश किसी भी प्रकार के हालातों में गेंदबाजी के लिए तैयार रहते हैं।’’
