ग्वालियर – कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों का बेहतर संचालन किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एम.एस.सागर ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को जिले के समस्त शासकीय / अशासकीय विद्यालयों, अनुदान प्राप्त विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, मदरसों , अनुसूचित जाति/ जनजाति के छात्रावासों में 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि नाशक दवा की गोली निःशुल्क खिलाई जाएगी। छूटे हुए बच्चों के लिए मॉप-अप दिवस 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम एस सागर ग्वालियर ने बताया कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में खून की कमी (एनीमिया), कुपोषण, थकान, पेट दर्द एवं पढ़ाई में मन न लगना जैसी समस्याएं होती हैं ,नियमित कृमि मुक्ति से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है तथा एनीमिया नियंत्रण में भी सहायता मिलती है।

कार्यक्रम की मुख्य जानकारी:-
1. लक्षित समूह: 1 से 19 वर्ष के सभी बच्चे (स्कूली एवं गैर-स्कूली) व 20 से 49 वर्ष की प्रजनन आयु वर्ग की महिलाएं। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को छोड़कर
2.दवा: एलबेंडाजोल 400 मि.ग्रा. – चबाने वाली गोली।
3. खुराक: 1-2 वर्ष – आधी गोली (चूरा बनाकर साफ पानी में ) 2- 3 वर्ष – 1 पूरी गोली (चूरा बना कर ) उसके बाद साफ पानी पिलायें ।
3-19 वर्ष 1 पूरी गोली (चबाकर) उसके बाद साफ पानी पिलायें ।
इस हेतु जिला / ब्लॉक/ सेक्टर स्तर पर समस्त विभागों – शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा घर-घर जाकर गैर-स्कूली बच्चों को चिन्हित किया गया है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर.के .गुप्ता ने सभी अभिभावकों से अपील कि है कि वह 06 अक्टूबर को अपने बच्चों को विद्यालय / आंगनवाड़ी केंद्र अवश्य भेजें एवं कृमि नाशक गोली खिलवाना सुनिश्चित करें। दवा पूर्णतः सुरक्षित है।

