Sat. Sep 5th, 2026

                    प्रियंका ओझा/रौन संवाददाता 

भिण्ड 23 फरवरी। जिले के डिमोले की मढैया गांव में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गांव का सरकारी हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे ग्रामीणों—विशेषकर दलित समाज—को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निजी खर्च पर डलवाई मोटर, फिर भी बना विवाद:-

ग्रामीणों के अनुसार, लगातार समस्या से जूझते हुए दलित समाज के लोगों ने आपस में धन एकत्रित कर निजी खर्च पर एक बोरवेल में मोटर डलवाई, ताकि सभी परिवारों को पानी मिल सके। लेकिन बोरवेल के पास रहने वाले एक दबंग परिवार द्वारा अन्य लोगों को पानी भरने से मना करने पर विवाद की स्थिति बन गई।

बताया गया है कि जब महिलाएं पानी भरने पहुंचीं तो उन्हें रोका गया और डराया-धमकाया गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया।

 पुलिस ने पहुंचकर कराई समझाइश:-

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दरोगा ने दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए आपसी सौहार्द बनाए रखने और मिल-जुलकर पानी उपयोग करने की बात कही। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान अभी तक नहीं हुआ है।

अब भी कई घरों तक नहीं पहुंच रहा पानी:-

ग्रामीणों का आरोप है कि मोटर डलवाने के बावजूद सभी घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ संकट और गहरा सकता है।

प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग:-

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़े सरकारी हैंडपंप को तत्काल ठीक कराया जाए या गांव में स्थायी जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के विवाद की स्थिति न बने।

यह भी पढ़ें:-

👉दबोह में युवक की गोली मारकर हत्या: दो पर एफआईआर, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *