सचिव रामनरेश शर्मा को विधायक प्रदीप अग्रवाल ने प्रदान किया प्रशस्ति पत्र
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने पर जिला प्रशासन ने किया सम्मानित, पंचायत की उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जताई खुशी
दतिया। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक माननीय श्री प्रदीप अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति करने वाली ग्राम पंचायतों एवं संबंधित कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत अतरैटा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने पर ग्राम पंचायत के सचिव श्री रामनरेश शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर महोदय एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की उपस्थिति में विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल ने सचिव रामनरेश शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
ग्राम पंचायत अतरैटा की इस उपलब्धि को पंचायत की सक्रिय कार्यप्रणाली, बेहतर समन्वय एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लक्ष्य को पूरा करना पंचायत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

सम्मान प्राप्त होने पर ग्राम पंचायत सचिव श्री रामनरेश शर्मा ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। भविष्य में भी इसी तरह पूरी जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करते हुए ग्राम पंचायत के विकास के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
ग्राम पंचायत अतरैटा को मिली इस उपलब्धि और सम्मान से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


