Wed. Nov 4th, 2026

सड़कों पर गोवंश के जमावड़े से हादसों का खतरा, बीमार पशुओं के उपचार और टीकाकरण की मांग

                           प्रियंका ओझा/रौन

मेहगांव। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर लावारिस एवं बेसहारा गोवंश की बढ़ती संख्या तथा गोवंश में फैल रहे लंपी वायरस के संक्रमण को लेकर गौ सेवकों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। इस संबंध में गौ सेवकों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) नवनीत शर्मा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और समस्या के स्थायी समाधान के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।

गौ सेवकों ने बताया कि मेहगांव नगर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों तथा ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर बड़ी संख्या में गोवंश खुले में घूमता रहता है। कई स्थानों पर दिन-रात सड़क पर गोवंश का जमावड़ा लगा रहता है। इसके कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है और तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से गोवंश के घायल होने अथवा मौत होने की घटनाओं का खतरा बना रहता है। वहीं अचानक सड़क पर आने वाले पशुओं के कारण वाहन दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

लंपी वायरस को लेकर जताई चिंता

गौ सेवकों ने एसडीएम को बताया कि क्षेत्र में गोवंश के बीच लंपी वायरस संक्रमण को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। कई बीमार एवं कमजोर पशु सड़कों पर ही पड़े या घूमते नजर आते हैं। उनका समय पर उपचार नहीं होने से उनकी हालत बिगड़ने की आशंका है। गौ सेवकों ने प्रशासन से मांग की कि संक्रमण की रोकथाम के लिए पशु चिकित्सा विभाग की विशेष टीम गठित कर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कराया जाए तथा बीमार पशुओं की पहचान कर उन्हें अन्य गोवंश से अलग रखा जाए।

उन्होंने बीमार गोवंश के लिए निशुल्क चिकित्सा, आवश्यक दवाइयां और टीकाकरण की व्यवस्था कराने की मांग भी रखी, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

गौशालाओं में पहुंचाने की मांग

ज्ञापन के माध्यम से गौ सेवकों ने सड़कों पर घूम रहे असहाय एवं बेसहारा गोवंश को तत्काल चिन्हित कर नजदीकी शासकीय एवं निजी गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाने की मांग की। साथ ही गौशालाओं में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, पानी, छाया और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई।

गौ सेवकों का कहना है कि केवल कुछ दिनों के लिए अभियान चलाने के बजाय प्रशासन को स्थायी व्यवस्था बनानी होगी, जिससे भविष्य में भी सड़कों पर बेसहारा गोवंश का जमावड़ा न हो और पशुओं के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

मुख्य मार्गों को गोवंश मुक्त कराने की मांग

गौ सेवकों ने नगर के प्रमुख मार्गों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर गोवंश को हटाने तथा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की। उनका कहना है कि इससे एक ओर जहां सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा, वहीं गोवंश को भी दुर्घटनाओं से बचाया जा सकेगा।

इस दौरान देव चौधरी, राहुल राठौर, शशिकांत, चतुर्भुज शर्मा और कुलदीप कटारे सहित कई गौ सेवक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

एसडीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

गौ सेवकों की समस्याओं और मांगों को एसडीएम नवनीत शर्मा ने गंभीरता से सुना। उन्होंने समस्या की गंभीरता को स्वीकार करते हुए संबंधित निकायों एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया। गौ सेवकों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही अभियान चलाकर आवारा गोवंश की समस्या और लंपी वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *