शासकीय महाविद्यालय कैलारस की टीम ने कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में चलाया प्रवेश जागरूकता कार्यक्रम
वीरेंद्र कुमार/मुरैना ब्यूरो
कैलारस 03 जुलाई। शासकीय महाविद्यालय कैलारस द्वारा “कॉलेज चलो अभियान” के अंतर्गत दिनांक 03/07/2025 को शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कैलारस में एक प्रेरक एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उन्हें महाविद्यालयीन जीवन, पाठ्यक्रमों और कैरियर की संभावनाओं से अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय से कॉलेज चलो अभियान के संयोजक डॉ. प्रवीण कुमार लिटोरिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि किस प्रकार उच्च शिक्षा एक सशक्त और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण करती है। उन्होंने छात्राओं को कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, छात्रवृत्ति योजनाओं और आगे के रोजगार अवसरों की विस्तार से जानकारी दी

शासकीय महाविद्यालय कैलारस से श्री दर्शन गिरी गोस्वामी ने बताया उच्च शिक्षा विभाग द्वारा महाविद्यालय में प्रवेश के लिए चलाई जा रही काउंसलिंग का द्वितीय चरण संपूर्ण हो चुका है एवं तृतीय चरण दिनांक 05/07/2025 से प्रारंभ हो रहा है । शासकीय महाविद्यालय कैलारस में स्नातक पाठ्यक्रम में गणित, जीवविज्ञान एवं कंप्यूटर साइंस से बी. एस. सी. संचालित है।साथ ही शासन की समस्त योजनाएं जैसे गांव की बेटी योजना, प्रतिभा किरण, आवास भत्ता, मेघावी, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रहीं हैं ।

इस अवसर पर शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कैलारस की प्राचार्य श्रीमती प्रीति शर्मा ने महाविद्यालय टीम का स्वागत किया और छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की दिशा तय करती है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे इस अभियान का लाभ लें और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ें।

कार्यक्रम में कॉलेज चलो अभियान समिति सदस्य श्रीमती रुचि गुप्ता, डॉ. प्रशांत चतुर्वेदी की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही, जिन्होंने छात्राओं से संवाद कर उन्हें विज्ञान, वाणिज्य और कला के क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में संचालित यह अभियान ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में छात्र – छात्राओं को उच्च शिक्षा की ओर उन्मुख करने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

