* बांगो में 68 फीसदी पानी
* बांगों की बांयीं तट नहर का गेट बंद
कोरबा – कोरबा जिलान्तर्गत हसदेव बांगो बांध से निस्तार के लिए बांयीं तट नहर से 1 महीने तक पानी देने के बाद गेट बंद कर दिया गया है। गर्मी के पहले ही इस बार मार्च में ही निस्तार के लिए पानी दिया गया। दूसरी ओर रबी फसल के लिए दांयीं नहर में पानी छोड़ा जा रहा है।
इससे लोगों को निस्तार के लिए भी पानी मिल रहा है। हसदेव बांगो बांध में अभी करीब 68 प्रतिशत पानी का भराव है। जांजगीर-चांपा जिले के साथ ही सक्ती क्षेत्र में भी पानी की समस्या को देखते हुए नहर के गेट खोले गए थे। इससे 300 से अधिक तालाबों को भरा गया है। यह नहर शहर के बीच से गुजरी है।
इससे आसपास बस्तियों के लोगों को भी निस्तार के लिए पानी मिल जाता है। गर्मी की शुरुआत अभी हुई है। जल स्तर में अब गिरावट आएगी। सिंचाई अफसरों का कहना है कि 1 महीने तक पर्याप्त पानी दियागया है।
अब सीधे खरीफ फसल के लिए पानी छोड़ा जाएगा। हर साल निस्तार के लिए अप्रैल से लेकर मई तक पानी दिया जाता था। 2 साल से किसान रबी फसल भी लगा रहे थे। इस वजह से निस्तार के साथ ही किसानों को भी पानी मिल जाता था।
* भिलाईखुर्द के पास रेलवे के लिए नहर पर बन रहा पुल
उरगा से गेवरा तक नई रेल लाइन बिछा रहे हैं। इसके लिए नहर पर भी पुल निर्माण का काम चल रहा है। शहर किनारे भिलाईखुर्द के पास नहर पर बन रहा पुल का काम पानी छोड़ने से प्रभावित हो रहा था। इससे भी आगे निस्तार के लिए अभी पानी नहीं छोड़ेंगे।
* खरीफ फसल की सिंचाई के लिए पानी की कमी नहीं
हसदेव बांगो परियोजना के अधीक्षण अभियंता डी.के. बूमेरकर का कहना है कि बांध में पर्याप्त पानी है। खरीफ फसल की सिंचाई के लिए पानी की कमी नहीं होगी। डिमांड के अनुसार समय पर पानी छोड़ा जाता है।
