ग्वालियर। जिले के घाटीगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत घेघोली गांव में प्रेम विवाह को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। छोटे भाई द्वारा प्रेम विवाह करने की सजा बड़े भाई को अपना घर तुड़वाकर चुकानी पड़ी। आरोप है कि युवती के परिजनों ने जेसीबी मशीन से घर पर हमला कर तीन कमरों और आंगन को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। घटना के बाद डरे-सहमे पीड़ित परिवार को पांच महीने तक गांव छोड़कर भटकना पड़ा। अब लौटने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
घेघोली गांव निवासी 38 वर्षीय वनिया सिंह गुर्जर ने घाटीगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसके छोटे भाई रामलखन सिंह गुर्जर ने पास के गांव सिरोली निवासी गिर्राज सिंह गुर्जर की बेटी किरन गुर्जर से भागकर प्रेम विवाह कर लिया था। दोनों बालिग थे और आपसी सहमति से विवाह के बंधन में बंधे थे।

बताया गया है कि यह बात युवती के पिता गिर्राज गुर्जर को स्वीकार नहीं हुई। आरोप है कि 9 सितंबर 2025 की देर रात गिर्राज गुर्जर कुछ साथियों के साथ जेसीबी लेकर घेघोली गांव पहुंचा। उसके साथ भूपेन्द्र गुर्जर, सिद्धार्थ गुर्जर और भारत गुर्जर सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।
जेसीबी से तोड़ा गया मकान:-
पीड़ित के अनुसार, पहले आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू की। विरोध करने पर उन्होंने गांव के अन्य लोगों को भी बुला लिया और जेसीबी से तीन कमरों का मकान और आंगन को तोड़ दिया। घर में रखा सामान भी मलबे में दब गया। अचानक हुए हमले से परिवार के लोग जान बचाकर भागे।
पांच महीने तक गांव से दूर रहा परिवार:-
घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में गांव छोड़कर चला गया। आरोप है कि हमलावर लगातार उनका पीछा कर रहे थे, जिससे वे पुलिस थाने तक पहुंचने की हिम्मत नहीं जुटा सके। हालांकि पुलिस मौके पर पहुंची थी और स्थिति का जायजा भी लिया था, लेकिन भय के कारण परिवार सामने नहीं आया।
करीब पांच महीने बाद जब हालात कुछ सामान्य हुए, तब पीड़ित परिवार गांव लौटा और घाटीगांव थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला:-
घाटीगांव थाना पुलिस ने आरोपी गिर्राज गुर्जर और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि घटना पांच महीने पुरानी है। फरियादी पक्ष डरा हुआ था और अब थाने आया है। शिकायत और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
कानून व्यवस्था पर सवाल:-
घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रेम विवाह को लेकर इस तरह की हिंसक प्रतिक्रिया और घर तोड़ने जैसी घटना से ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और विधि अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

