NSUI की प्रेसवार्ता में सरकार से शीघ्र अधिसूचना जारी करने की मांग, देरी होने पर प्रदेशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी
प्रियंका ओझा/रौन
भिंड/मेहगांव। मध्यप्रदेश में छात्रसंघ चुनावों की बहाली को लेकर राजनीतिक और छात्र संगठनों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी क्रम में राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) की भिंड जिला इकाई द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय, भिंड में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में छात्रसंघ चुनावों की बहाली का स्वागत करते हुए मध्यप्रदेश सरकार से सितंबर 2026 में प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग उठाई गई।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए NSUI जिला अध्यक्ष अंकित तोमर ने कहा कि लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण प्रदेश के विद्यार्थियों को अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित रहना पड़ा है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद छात्रसंघ चुनावों की बहाली का रास्ता साफ होना छात्र शक्ति और लोकतंत्र की बड़ी जीत है।
अंकित तोमर ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि सितंबर 2026 में प्रत्यक्ष यानी डायरेक्ट छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए जल्द से जल्द अधिसूचना जारी की जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार चुनाव कराने में किसी प्रकार की देरी करती है तो NSUI प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। शैक्षणिक संस्थान लोकतंत्र की पहली पाठशाला: रामशेष बघेल
प्रेसवार्ता में ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामशेष बघेल ने छात्रसंघ चुनावों को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थान लोकतंत्र की पहली पाठशाला होते हैं। छात्रसंघ चुनावों के माध्यम से विद्यार्थियों को नेतृत्व करने, अपनी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और समाज एवं जनसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि सरकार को विद्यार्थियों की भावनाओं और अधिकारों का सम्मान करते हुए बिना किसी देरी के छात्रसंघ चुनाव कराए जाने चाहिए। उन्होंने छात्रसंघ चुनावों की बहाली की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी मजबूत होना प्रदेश के लोकतांत्रिक भविष्य के लिए भी जरूरी है। लाखों विद्यार्थी कर रहे अधिकारों की बहाली का इंतजार: पिंकी भदौरिया
शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष पिंकी भदौरिया ने कहा कि प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राएं लंबे समय से छात्रसंघ चुनावों की बहाली का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं और मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने के लिए एक प्रभावी मंच मिलना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा विद्यार्थियों और युवाओं की आवाज के साथ खड़ी रही है। छात्रसंघ चुनावों की बहाली का स्वागत करते हुए उन्होंने सरकार से मांग की कि चुनाव प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबित न किया जाए और सितंबर 2026 में प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
प्रेसवार्ता के दौरान NSUI नेताओं ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनावों को लेकर संगठन सरकार पर लगातार दबाव बनाएगा। नेताओं ने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और विद्यार्थियों को उनके प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलना चाहिए।
प्रेसवार्ता के अंत में सभी नेताओं ने एक स्वर में सितंबर 2026 में प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव कराने तथा इसकी अधिसूचना शीघ्र जारी करने की मांग दोहराई। साथ ही प्रदेश के छात्र-छात्राओं से लोकतंत्र और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर NSUI प्रदेश सचिव संकेत पुरोहित और आयुष चतुर्वेदी सहित NSUI एवं कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।