Thu. Oct 1st, 2026

मुन्ना खान/इंदरगढ़ संवाददाता

दतिया। जिले में हाल ही में हुई अतिवृष्टि और खेतों में जलभराव के कारण मूंग, उड़द, तिल सहित विभिन्न खरीफ फसलों को नुकसान होने की बात सामने आई है। किसानों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन कर राहत दिलाने की मांग को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग की ओर से जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से महेंद्र बौद्ध (पूर्व गृहमंत्री) ने मांग की कि अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा तत्काल, निष्पक्ष एवं जमीनी स्तर पर फसल सर्वे कराया जाए, ताकि वास्तविक नुकसान का आकलन हो सके और प्रभावित किसानों को शासन की राहत योजनाओं का लाभ मिल सके।

ज्ञापन में कहा गया कि खेतों में लंबे समय तक पानी भरे रहने से मूंग, उड़द, तिल सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए पात्र किसानों को फसल क्षतिपूर्ति की राशि एवं फसल बीमा का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की ओर से प्रशासन से मांग की गई कि सर्वे प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी पात्र किसान का नाम राहत सूची से न छूटे। साथ ही नुकसान के वास्तविक आंकलन के आधार पर किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अरविंद कुमार राव, रामकुमार अहिरवार, वीरसिंह, मातादीन, रामहेत ठेकेदार, बटोली भास्कर, रतिराम कुशवाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *