Sat. Sep 5th, 2026

मध्य प्रदेश को मिली 12 पताकाएँ, स्काउट–गाइड्स ने बढ़ाया प्रदेश का मान

                        वीरेंद्र कुमार/मुरैना ब्यूरो 

दूधली/बालोद (छत्तीसगढ़)।भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में आयोजित प्रथम रोवर–रेंजर राष्ट्रीय जम्बूरी का आयोजन दूधली, जिला बालोद (छत्तीसगढ़) में अत्यंत भव्य एवं अनुशासित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय जम्बूरी में मध्य प्रदेश के राज्य दल नेता एवं चंबल संभाग के संभागीय दल नेता श्री बीरसिंह यादव के कुशल, सशक्त एवं प्रेरणादायी नेतृत्व में चंबल संभाग के स्काउट–गाइड दल ने प्रभावशाली सहभागिता करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं। जम्बूरी में मुरैना जिले से स्काउट विंग में जिला दल नेता श्री शेखर सिंह यादव एवं गाइड विंग में जिला दल नेता श्रीमती सारिका चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में प्रतिभागी शामिल हुए। वहीं भिंड जिले से श्रीमती रेखा भदौरिया एवं श्योपुर जिले से स्काउट विंग में जिला दल नेता श्री कुलदीप कुमार श्रीवास तथा गाइड विंग में जिला दल नेता श्रीमती चंद्रा मंगल के नेतृत्व में दल ने जम्बूरी में सहभागिता की। सभी जिला दल नेताओं ने समन्वय, अनुशासन एवं संगठनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

चंबल संभाग से सम्मिलित 50 सदस्यीय संयुक्त स्काउट–गाइड दल ने जम्बूरी के दौरान आयोजित शैक्षणिक, साहसिक, सांस्कृतिक, सामाजिक सेवा, नेतृत्व विकास, कौशल प्रदर्शन एवं टीम बिल्डिंग से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतिभागियों ने अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और स्काउट–गाइड के आदर्शों का अनुकरणीय प्रदर्शन कर मध्य प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। जम्बूरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जम्बूरी संचालक मंडल द्वारा मध्य प्रदेश को 12 पताकाएँ प्रदान की गईं, जो प्रदेश सहित चंबल संभाग के लिए गर्व एवं उपलब्धि का विषय है। यह सफलता प्रतिभागियों के कठिन परिश्रम, प्रशिक्षण, अनुशासन एवं प्रभावी नेतृत्व का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

जम्बूरी के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों, शिविर गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व कौशल, सामाजिक सेवा, आपसी सहयोग, राष्ट्रीय एकता एवं भाईचारे की भावना को आत्मसात करने का अवसर प्राप्त हुआ। आयोजकों एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों द्वारा चंबल संभाग के दल के समर्पण एवं प्रदर्शन की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।इस राष्ट्रीय जम्बूरी में हिमालय वुड बैज योग्यताधारी वरिष्ठ स्काउट पदाधिकारी श्री अतरसिंह राजपूत एवं श्री राम गोविन्द त्यागी की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। उनके अनुभव, मार्गदर्शन एवं प्रेरक संवाद से रोवर–रेंजरों को विशेष लाभ एवं प्रेरणा प्राप्त हुई।इस अवसर पर राज्य एवं संभागीय नेतृत्व ने सभी जिला दल नेताओं, स्काउट–गाइड सदस्यों, रोवर–रेंजरों एवं सहयोगी स्टाफ को इस सफल सहभागिता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में इसी उत्साह, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें:-

👉दूषित पानी के खिलाफ शहर जिला कांग्रेस कमेटी का धरना प्रदर्शन

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *