मुम्बई :- शेयर बाजार बुधवार को गिरावट पर बंद हुआ। बाजार में ये गिरावट दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है।

इसी के साथ ही गत आठ कारोबारी सत्रों से जारी तेजी भी रुक गयी। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिर्जव के ब्याज दर को लेकर आ रहे फैसले से भी बाजार में संशय रहा जिसके कारण भी उसपर दबाव था।
इसके साथ ही दिग्गज कंपनियों रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में गिरावट से भी बाजार पर विपरीत प्रभाव पड़ा।
दिन भर के कारोबार के बाद तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 161.41 अंक करीब 0.26 फीसदी टूटकर 61,193.30 अंक पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान यह 330.27 अंक तक फिसला था। वहीं पचास शेयरों वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 57.80 अंक तकरीबन 0.32 फीसदी नीचे आकर 18,089.85 अंक पर बंद हुआ।
वहीं गत कारोबारी सत्र में बीएसई सेंसेक्स 242.27 अंक करीब 0.40 फीसदी ऊपर आकर 61,354.71 अंक पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी भी 82.65 अंक तकरीबन 0.46 फीसदी बढ़कर 18,147.65 अंक पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स के शेयरों में भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारतीय स्टेट बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो, इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंडसइंड बैंक तथा टाटा स्टील के शेयरों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ।
वहीं दूसरी ओर हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईटीसी और नेस्ले इंडिया के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
इससे पहले आज सुबह बाजार गिरावट पर खुला। आज सुबह तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 250 अंक तक गिरा।
वहीं दूसरी ओर पचास शेयरों पर वाला एनएसई निफ्टी 18100 अंक तक फिसला। शुरुआती कारोबार में इंडिगो के शेयरों में आठ फीसदी की बढ़त रही है।
कारोबार के दौरान प्री-ओपनिंग में बाजार की गिरावट के साथ शुरुआत हुई।
वहीं गत दिवस बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। दूसरी ओर एशियाई बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग गिरे हैं जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़ा है।
यूरोपीय बाजारों की बात करें तो अधिकतर बाजार उछले हैं। अमेरिकी बाजार मंगलवार को नुकसान में रहे थे। वहीं ब्रेंट क्रूड 2.08 फीसदी नीचे आकर 73.75 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
