रेखा कुशवाह/दतिया
दतिया। जिले के थरेट थाना क्षेत्र के सेंगुवां गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेत की रखवाली करने गए एक किसान की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सेंगुवां गांव निवासी 50 वर्षीय इकबाल खान पुत्र छुन्ना खान मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे अपने खेत पर फसल की रखवाली करने के लिए गए थे। उनके खेत के पास ही एक पुराना कुआं बना हुआ है। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की।
परिजनों और ग्रामीणों ने खेत के आसपास खोजबीन की तो कुएं के भीतर इकबाल खान का शव दिखाई दिया। यह देखकर गांव में हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थरेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से किसान के शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए इंदरगढ़ अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कुएं के पास जाते समय किसान का पैर फिसल गया होगा, जिससे वह सीधे कुएं में गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक किसान की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी। उनके दोनों बेटे और पत्नी मुंबई में मजदूरी करते हैं, जबकि इकबाल खान गांव में रहकर खेत की देखभाल किया करते थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

