कन्याओं को भोजन करा, दिया बेटी बचाओ का संदेश
ग्वालियर – कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में पीसी एवं पीएनडीटी एक्ट के तहत बेटी बचाओ का संदेश आमजन को दिया जा रहा है, इसी तारतम्य में दिनांक 26 मार्च 2026 को सिविल अस्पताल हजीरा में महा अष्टमी के पावन अवसर पर नारी शक्ति द्वारा एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया,
इस अवसर पर छोटी-छोटी कन्याओं को भोजन प्रसादी वितरित की गई तथा उनके साथ आए अभिभावकों को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान समाज में “बेटा-बेटी एक समान” की भावना को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया, उपस्थित जनसमूह को जागरूक करते हुए यह संदेश दिया गया कि बेटियों की परवरिश भी उतनी ही अच्छे से की जानी चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।
साथ ही यह भी संकल्प लिया गया कि समाज में किसी भी प्रकार का लिंगभेद न किया जाए तथा बालिकाओं को समान अवसर और अधिकार प्रदान किए जाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने यह भी आश्वासन दिया कि वे बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा करेंगे तथा उनके साथ किसी भी प्रकार के भेदभाव को बढ़ावा नहीं देंगे।

इस आयोजन में अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों एवं चिकित्सकों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिनमें डॉ. सचिन श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ग्वालियर एवं पीसी एवं पीएनडीटी एक्ट के जिला नोडल अधिकारी डॉ.प्रबल प्रताप सिंह , डॉ.बिन्दु सिंघल का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और उपस्थित जनसमूह ने इसकी सराहना की।
इस अवसर पर सिविल अस्पताल हजीरा के चिकित्साधिकारी तथा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

