ग्वालियर।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनीष शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस दिनांक 13 सितंबर 2022 एवं 18 सितंबर 2022 को होने वाले पल्स पोलियो अभियान का प्रशिक्षण पुराने जिला पंचायत कार्यालय के सभागार में संपन्न हुआ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनीष शर्मा ने बताया कि जिले एवं प्रदेश में राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस अभियान वर्ष में एक बार चलाया जाता है जिसमें समस्त स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से 1 वर्ष से लेकर 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर किशोरियों को एल्बेंडाजोल की 400 एम.जी. की गोली का डोज उम्र के हिसाब दिया जाएगा जिसके तहत 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली तथा 2 वर्ष से ऊपर 19 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली दी जाएगी।
बच्चों में कृमि संक्रमण व्यक्तिगत अस्वच्छता, दूषित मिट्टी के संपर्क से संभावित होता है, कृमि संक्रमण से बच्चों का जहां एक ओर शारीरिक एवं बौद्धिक विकास बाधित होता है वहीं दूसरी ओर उन में खून की कमी व पोषण स्तर पर दुष्प्रभाव परिलक्षित होता है।
1 वर्ष से 19 वर्ष के बच्चों एवं किशोर किशोरियों को उक्त संक्रमण से बचाने के लिए स्कूलों आंगनबाड़ी केंद्रों प्राइवेट एवं शासकीय स्कूल ,अनुदान प्राप्त स्कूल, छात्रावासों आदि के छात्र छात्राओं को प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा खिलाई जाएगी उक्त कार्यक्रम का प्रशिक्षण श्री रजनीश सक्सेना संभागीय समन्वयक (एविडेंस एक्शन ) ने विस्तार से दिया।
उक्त प्रशिक्षण उपरांत दिनांक 18 सितंबर 2022 को होने वाले अतिरिक्त पल्स पोलियो अभियान का प्रशिक्षण डब्ल्यूएचओ के सीनियर मेडिकल ऑफीसर एम.एस. राजावत ने विस्तार से दिया उन्होंने बताया कि पोलियो की स्थिति देश सहित पूरी दुनिया में कैसी है इस अभियान की क्यों आवश्यक है इस पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर. के. गुप्ता ने पल्स पोलियो अभियान की रणनीति के बारे में उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान किन बातों का ध्यान रखना है तथा दल बनाते समय किस दल में कितने सदस्य एवं वैक्सीन को इस तरह सुरक्षित रखते हुए बच्चों को पिलाना है इस पर विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने उपस्थित समस्त अधिकारी/ कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षण उच्च क्वालिटी का हो इसका विशेष ध्यान रखा जाये ताकि क्षेत्र में जाते समय किसी भी कर्मचारी को बच्चों को दिनांक 13 सितंबर 2022 के कृमि नाशक अभियान में कृमि नाशक दवा एवं दिनांक 18 सितंबर 2022 के पल्स पोलियो अभियान में बच्चों को दवा पिलाते समय किसी तरह की कोई समस्या ना हो।
उक्त प्रशिक्षण में महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं के अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित हुए।
यह भी पढ़ें
