कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला ने दी शुभकामनाएं
प्रियंका ओझा/रौन संवाददाता
भिण्ड जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कामना सिंह भदौरिया द्वारा संचालित नवदिवसीय संकल्प अभियान के तहत तीसरे दिन कुमारी विधि भदौरिया को एक दिन के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। यह पहल न सिर्फ बेटियों को नेतृत्व के अवसर देने का प्रयास है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक मजबूत कदम भी मानी जा रही है।

कुमारी विधि भदौरिया, जो ग्राम मानहड़ (तहसील गोरमी) की निवासी हैं, ने अपने एक दिवसीय कार्यकाल में पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ प्रशासनिक कार्यों का संचालन किया। उन्होंने सबसे पहले विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक ली, जिसमें संबंधित अधिकारी नितिन डोंगरे मौजूद रहे। बैठक में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और ऊर्जा संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने नरेगा योजना की समीक्षा की, जिसमें परियोजना अधिकारी अमित शर्मा ने उन्हें विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में यह योजना “विकसित भारत जीराम” के रूप में संचालित हो रही है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कुमारी विधि भदौरिया ने मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद भी किया। मंत्री ने उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इसके अलावा उन्होंने जिला पंचायत सीईओ और अन्य विभाग प्रमुखों के साथ जलगंगा संवर्धन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण के तहत पुराने कुओं और बावड़ियों के जीर्णोद्धार पर जोर देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रीमती कामना सिंह भदौरिया की इस अभिनव पहल से भिंड जिले में बदलाव की नई तस्वीर उभर रही है। जो क्षेत्र कभी बागियों की पहचान से जाना जाता था, वहीं आज बेटियाँ नेतृत्व कर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। यह पहल न केवल बेटियों को सशक्त बना रही है, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच को भी मजबूती दे रही है।

