मेडिकल दुकान हटाने के बाद बढ़ा विवाद,झूठे आवेदन और हत्या की साजिश का आरोप
रेखा कुशवाह/संभागीय ब्यूरो
भिण्ड 11 फरवरी। मौ थाना क्षेत्र के खेरिया जल्लू निवासी रविंद्र सिंह कुशवाह नामक एक युवक ने अपने शिक्षक व एडवोकेट चाचाओं सहित चार लोगों पर संपत्ति हड़पने और जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक भिंड को आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।

आवेदन में युवक ने आरोप लगाया है कि उसके चाचा आशाराम कुशवाह (शिक्षक) और पुत्तूलाल कुशवाह (एडवोकेट), साथ ही पड़ोसी मलखान सिंह और लाखन सिंह ने मिलकर उसके खिलाफ षड्यंत्र रचा है। युवक का कहना है कि उसके पिता महाराज सिंह कुशवाह अनपढ़ हैं और खेती का कार्य करते हैं, जिसका फायदा उठाकर जमीन संबंधी मामलों में उनके साथ छल किया जा रहा है।

पीड़ित के अनुसार, परिवार की करीब 18 बीघा कृषि भूमि से प्राप्त आय से स्टेट हाईवे स्थित लगभग 2400 वर्गफीट का प्लॉट खरीदा गया था। उसी प्लॉट पर बनी दुकान में वह मेडिकल स्टोर संचालित करता था, जिसे वर्ष 2022 में हटवा दिया गया। युवक का आरोप है कि जब उसने अपने पिता के हिस्से और अधिकार की बात उठाई, तो उसके खिलाफ झूठी शिकायतें कर उसे फंसाने का प्रयास शुरू कर दिया गया।

आवेदन में यह भी उल्लेख है कि 25 नवंबर 2025 को उसने पुलिस अधीक्षक भिंड को पूर्व में भी शिकायत दी थी। इसके बाद आरोपितों द्वारा उसके पिता से थाना मौ में उसके विरुद्ध कथित रूप से असत्य आवेदन दिलवाया गया। युवक ने आशंका जताई है कि उसे झूठे मामलों—जैसे अवैध शराब या हथियार रखने के केस—में फंसाने की कोशिश की जा सकती है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई। उसने पुलिस प्रशासन से अपनी तथा अपने पिता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में जांच की बात कही जा रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


