भोपाल -। साल 2022 में राजधानी भोपाल से साइकिल चलाकर 45 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद पूर्व आईएएस कवीन्द्र कियावत 63 साल की उम्र में बाइक से नर्मदा परिक्रमा करने जा रहे हैं. राजधानी भोपाल से आज सीहोर पहुंचने पर बाइक सवार कवीन्द्र कियावत का लोगों ने जोरदार स्वागत किया. पूर्व आईएएस अधिकारी की नर्मदा परिक्रमा ओंकारेश्वर से शुरू होगी. उन्होंने बताया कि बाइक से नर्मदा की परिक्रमा 12 दिनों में पूरी होगी. कवीन्द्र कियावत का सीहोर के बाद आष्टा में भी लोगों ने अभिनंदन किया|
ज्ञात रहे कि पिछले साल कवीन्द्र कियावत साइकिल की सवारी कर भोपाल से सीहोर आए थे. सीहोर में उन्होंने चिंतामन गणेश मंदिर का दर्शन किया था. रिटायरमेंट के बाद भी फिट रहने का राज उन्होंने खोला. पूर्व आईएएस कवीन्द्र कियावत रोजाना 20 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं. फिटनेस के प्रति उनकी सजगता देखते ही बनती है.
पूर्व आईएएस कवीन्द्र कियावत का कहना है कि स्वस्थ रहने में साइकिलिंग का बहुत योगदान है. बता दें कि कवीन्द्र कियावत भोपाल संभाग के कमिश्रर रहे हैं. सीहोर में भी कलेक्टर के पद पर उन्होंने सेवाएं दी हैं.
कियावत की कलेक्टर के रूप में पहली पदस्थापना अनूपपुर में हुई थी जोकि पवित्र नर्मदा उद्गम अमरकंटक का जिला मुख्यालय है। अपने सेवाकाल में कियावत अनूपपुर के उपरांत कलेक्टर के रूप में खंडवा ,सीहोर एवं उज्जैन में पदस्थ रहे हैं जो कि नर्मदा का प्रमुख केंद्र रहा है, अपने सेवाकाल के अंतिम दिनों में संभागायुक्त के पद पर भोपाल में पदस्थ रहे हैं, वहां भी नर्मदा का जल पहुंचता है।
