Sat. Sep 5th, 2026

                              प्रियंका ओझा/रौन

रौन/ भिण्ड 25 अगस्त। नगर परिषद रौन क्षेत्र में व्याप्त मूलभूत समस्याओं, अधूरे विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था और कथित भ्रष्टाचार को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रौन, जिला भिण्ड द्वारा नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक की विभिन्न समस्याओं और लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई है।

कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन में कहा कि नगर के कई वार्डों में नल-जल योजना के कारण मुख्य रास्ते पिछले करीब छह माह से खुदे पड़े हैं, जिससे आम नागरिकों और बच्चों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने संबंधित ठेकेदार को निर्देशित कर सभी खुदे रास्तों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

ज्ञापन में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक सड़क, नाली, पुलिया, सीसी रोड, डब्ल्यूबीएम रोड, पार्क, सामुदायिक भवन, शौचालय, तालाब सौंदर्यीकरण और अन्य निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि कई कार्यों के टेंडर स्वीकृत होने के बावजूद या तो शुरू नहीं हुए हैं या अधूरे पड़े हैं। कांग्रेस ने इन सभी कार्यों को शीघ्र शुरू कराकर समय-सीमा में पूरा कराने की मांग की।

इसके साथ ही ज्ञापन में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक पूर्व में कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की गई है। कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि कई निर्माण कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। इसलिए संबंधित कार्यों की जांच कर दोषी पाए जाने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

सफाई व्यवस्था को लेकर भी ज्ञापन में गंभीर मुद्दे उठाए गए हैं। कांग्रेस ने वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक कार्यरत सफाई कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी करने, उनके कार्यों की समीक्षा करने तथा सफाई कर्मचारियों के दल में बदलाव कर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।

ज्ञापन में आम नागरिकों की मूलभूत समस्याओं का भी उल्लेख किया गया है। कांग्रेस के अनुसार नगरवासियों को आईडी, खाद्यान्न पर्ची, कर्मकार कार्ड, संबल कार्ड, पेंशन, नामांतरण, मृत्यु प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र जैसे कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस ने संबंधित कर्मचारियों एवं वार्ड प्रभारियों को निर्देशित कर इन समस्याओं का जल्द और सुगमता से निराकरण कराने की मांग की है।

कांग्रेस कमेटी ने वार्डवार प्रस्तावित कार्यों में पुलिया निर्माण, सीसी एवं डब्ल्यूबीएम सड़क निर्माण, नाला निर्माण, सब्जी मंडी निर्माण, मरघट निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण, पार्क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों को अतिशीघ्र टेंडर प्रक्रिया में लेकर शुरू कराने की मांग भी रखी है।

 कांग्रेस ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराकर नगर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए।

ज्ञापन के समय मजूद कांग्रेसजन एवं नगरवासी:-

ज्ञापन के दौरान बृजेंद्र सिंह भरौली, राहुल सिंह राजावत, हरिओम सिंह भदौरिया, नरेश फौजी, सत्येंद्र सिंह, विनोद कनेरिया, लोकेंद्र सिंह, धर्मेंद्र शिवहरे, महेंद्र सिंह चौहान, राघवेंद्र परिहार, केतन सिंह, कमल सिंह, नारायण सिंह, बाबूराम पटेल, धर्मेंद्र दौहरे, बृजेंद्र राठौर, रघु राठौर, मुन्नालाल बघेल, चंद्रशेखर चंदोलिया, उमेश भारद्वाज, जहीर खान, रामजीत कुशवाहा, भैया कुशवाहा, जनक परिहार और मुकेश राठौर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-

👉मेंहगांव में मूलभूत समस्याओं और मंच शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति-राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *