मौका मुआयना कर पार्षद ने दिया रोड बनाने का आश्वासन
वीरेंद्र कुमार/मुरैना ब्यूरो
मुरैना 28 जून। शहर के वार्ड क्रमांक 47 के निवासियों ने पार्षद को मौके पर बुलाकर जल भराव की समस्या से अवगत कराया। दरअसल जौरा रोड स्थित मथुरा मार्केट के पीछे दाऊजी नगर के वाशिंदे रोड पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। आलम यह है कि बारिश होते ही लोग अपने घरों में कैद होने को विवश हो जाते हैं।

रोड नाली की गंभीर समस्या से परेशान लोगों ने शनिवार को पार्षद सोनू जोनवार को मौके पर बुलाया और उसे ज्वलंत मुद्दों से अवगत कराया। इस दौरान पार्षद ने नागरिकों को बताया कि उक्त रोड का ठेका चार साल पहले ही हो चुका है,लेकिन ठेकेदार काम नहीं कर रहा है। पार्षद ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी रोड संबंधी समस्या का शीघ्र निदान किया जाएगा। इस दौरान मोहल्ले की अन्य गलियों के लोगों ने भी अपनी अपनी समस्याओं से अवगत कराया।


