भिंड/लहार। ग्राम बरहा के ग्रामीणों ने हल्का नंबर-06 में पदस्थ पटवारी अंकित बादल को हटाने एवं उनके स्थान पर दूसरे पटवारी की पदस्थापना किए जाने की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लहार को लिखित आवेदन सौंपा है।
आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पटवारी अंकित बादल करीब तीन माह से गांव में नियमित रूप से नहीं आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कभी-कभार आने पर भी वे गांव में चौकीदार के यहां बैठकर चले जाते हैं और ग्रामीणों के राजस्व संबंधी कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं।
ग्रामीणों ने आवेदन में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित अन्य राजस्व कार्यों के लंबित रहने का भी उल्लेख किया है। उनका आरोप है कि पटवारी मुख्यालय पर नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते, जिससे ग्रामीणों को अपने काम के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के द्वारा एसडीम को दिए गए आवेदन के अनुसार 17 सितंबर 2026 की एक घटना का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों ने बताया कि चौकीदार से पटवारी के गांव आने के संबंध में पूछताछ की गई थी। वहीं, पंचायत भवन में बैठकों में पटवारी के उपस्थित नहीं होने और स्वामित्व योजना जैसे शासकीय कार्यों के क्रियान्वयन में भी कथित लापरवाही का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर हल्का नंबर-06 बरहा से पटवारी को हटाकर किसी अन्य पटवारी को पदस्थ किया जाए, ताकि राजस्व एवं अन्य शासकीय योजनाओं से जुड़े कार्य सुचारु रूप से हो सकें।

