ग्राम पंचायत पर लगाया अनदेखी का आरोप, पक्के रास्ते की उठाई मांग
अमित सिंह कुशवाह/भिण्ड ब्यूरो
भिण्ड 28 जून। अटेर विधानसभा अंतर्गत ग्राम मुरलीपुरा, जो अटेर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, वहां स्थित अजा बस्ती के रहवासी बरसात के दिनों में भारी परेशानियों से गुजर रहे हैं। बस्ती को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला रास्ता कच्चा होने के कारण हर वर्ष बारिश में जलभराव हो जाता है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों को आवाजाही में भारी दिक्कतो का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए दिनांक 24 जून 2025 को भिण्ड कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उक्त कच्चे मार्ग को शीघ्र पक्का किए जाने की मांग की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत सरपंच व सचिव से इस समस्या की शिकायत की, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं किया गया।

इसके अलावा ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि जलभराव से रास्ता पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। रात के समय तो रास्ता पार करना लगभग असंभव हो जाता है। जिससे अचानक परेशानी उत्पन्न होने पर या किसी बीमार व्यक्ति को समय पर इलाज न मिल पाने कारण उसे अपनी जिंदगी भी गवानी पड़ जाती है।

ज्ञापन देने वाले प्रमुख ग्रामीणों में मुख्य रूप से रामरती पत्नी स्व. लोकमन,सुनीता पत्नी माधो सिंह,सिरोजा पत्नी हंसराज,शारदा देवी पत्नी राजेश सिंह,ममता पत्नी रामप्रकाश,सुनीता पत्नी किशोरी,ऊषा पत्नी कमलेश,प्रदीप पुत्र राममहेश,माधो पुत्र स्व. लक्ष्मण सिंह आदि ग्रामीणों ने कलेक्टर महोदय से निवेदन किया है कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए ग्राम पंचायत जवासा के सरपंच व सचिव को तत्काल प्रभाव से निर्देशित किया जाए ताकि अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों को जल्द से जल्द पक्के रास्ते की सुविधा मिल सके और उन्हें जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।


