प्रियंका ओझा/रौन संवाददाता
मेहगांव। संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार तथा भिंड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा, अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा एवं खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी अजीम खान के मार्गदर्शन में आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर ‘आरोह समर कैंप-2026’ का समापन समारोह शासकीय संदीपनी उच्च माध्यमिक विद्यालय मेहगांव में आयोजित किया गया।
समापन कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य विजय सिंह कुशवाह के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्राचार्य विजय सिंह कुशवाह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास एवं अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला।
शिविर के दौरान खिलाड़ियों को कबड्डी एवं वॉलीबॉल का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर दोनों खेलों के मैत्री मैच आयोजित किए गए, जिनके आधार पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन भी किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई, जिसमें केले एवं फ्रूटी वितरित की गई।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की युवा समन्वयक नीतू सोनी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, एकाग्रता, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़े रहने और खेलों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
समापन समारोह में राजाराम राठौर (शिक्षक), राजेश चतुर्वेदी (पीटीआई), ज्योति नरवरिया (प्रशिक्षक), रीमा राठौर, रजनीश सिंह (प्रशिक्षक) सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और भविष्य में भी खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उत्साह, सम्मान एवं बेहतर भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

