प्रियंका ओझा/रौन
रौन (भिंड), 06 अगस्त। प्रदेश सरकार के लोक निर्माण एवं नगरीय विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से माननीय मंत्री राकेश शुक्ला के निर्देश पर भिंड कलेक्टर ने गुरुवार को रौन नगर परिषद क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में प्रस्तावित नवीन नाला निर्माण के लिए चिन्हित स्थान का जायजा लिया गया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान नाला निर्माण की आवश्यकता, जल निकासी की वर्तमान स्थिति तथा बरसात के दौरान नागरिकों को होने वाली समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि नगरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

इस अवसर पर नगर परिषद रौन के सीएमओ संतोष सिहारे, सब इंजीनियर धर्मेश चंदेल, पार्षद अक्षय सिंह राजावत, धर्मेंद्र सिंह राजावत एवं केशव नागर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मौके पर प्रस्तावित निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और विकास कार्यों को शीघ्र शुरू कराने पर चर्चा की।
नगरवासियों ने भी नवीन नाला निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इस परियोजना के पूर्ण होने से बरसात के समय जलभराव और निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।


