Sat. Sep 5th, 2026

पार्षदों ने कलेक्टर से की शीघ्र नियुक्ति की मांग

                     अशोक सिंह कुशवाह /मिहोना 

मिहोना 22 अगस्त। नगर परिषद मिहोना में मुख्य नगर परिषद अधिकारी (CMO) का पद रिक्त होने के चलते नगर की व्यवस्थाओं और आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस संबंध में नगर परिषद के पार्षदों ने जिला कलेक्टर भिण्ड के नाम आवेदन सौंपकर शीघ्र CMO की पदस्थापना किए जाने की मांग की है।

पार्षदों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया कि नगर परिषद मिहोना में वर्तमान समय में मुख्य नगर परिषद अधिकारी का पद रिक्त है। अधिकारी के अभाव में नगरवासियों को अपनी दैनिक समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों द्वारा विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन और शिकायतें प्रस्तुत किए जाने के बावजूद समय पर उचित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

पार्षदों का कहना है कि CMO के अभाव में नगर की साफ-सफाई, नालियों एवं नालों की सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई समस्याएं लंबित रहने के कारण आमजन में असंतोष बढ़ने की बात भी आवेदन में कही गई है।

आवेदन में पार्षदों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नगर परिषद मिहोना में जल्द से जल्द मुख्य नगर परिषद अधिकारी की पदस्थापना की जाए, ताकि नगर परिषद के नियमित कामकाज को गति मिल सके और नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निराकरण हो सके।

इसके साथ ही पार्षदों ने नगर की लंबित समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। पार्षदों का कहना है कि अधिकारी की नियमित उपलब्धता से नगर परिषद के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

21 अगस्त 2026 को दिए गए आवेदन पर पार्षद राजेश सिहोते (वार्ड क्रमांक 15), रेनू सुरेन्द्र बरसैना (वार्ड क्रमांक 11) और ऊषा ब्रह्मस्वरूप दोहरे (वार्ड क्रमांक 04) सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर बताए गए हैं।

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन नगर परिषद मिहोना में रिक्त CMO पद को लेकर कितनी जल्दी निर्णय लेता है और नगर की लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

यह भी पढ़ें:-

👉नगर परिषद रौन में कथित भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के खिलाफ कांग्रेस का जनआंदोलन 25 अगस्त को

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *