देश में बढ़ रही बाबाओं की फर्जी आस्था पर एक और सवाल
भिंड 24 अक्टूबर। जिले के रौन थाना अंतर्गत मेहदवा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई, जिसमें ग्राम चोरई निवासी अनुज शास्त्री नामक व्यक्ति अवैध हथियार थामे नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि अनुज शास्त्री को हाल ही में स्वर्गीय रामेश्वरदास जी के स्थान पर महदवा आश्रम का महंत बनाया गया है।
बता दें कि इस तस्वीर के सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी रोष और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक भिंड असित यादव को एक ज्ञापन सौंपकर इस मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। वही ग्रामीणों का कहना है कि “जिस व्यक्ति के हाथ में धर्म का दंड होना चाहिए, उसके हाथ में हथियार दिखना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।” लोगों को आशंका है कि आरोपी के पास और भी अवैध हथियार हो सकते हैं।

आस्था की आड़ में बढ़ रही ‘अपराध की साधना’:-
बता दें कि देशभर में जहां एक ओर सच्चे संत समाज और सेवा का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ स्वयंभू “बाबा” और “महंत” आस्था का चोला ओढ़कर कानून और नैतिकता को ठेंगा दिखा रहे हैं। कभी किसी बाबा पर बलात्कार का आरोप लगता है, तो कभी कोई शिष्य को धमकी देते हुए वीडियो में दिखाई देता है। वही मेहदवा की यह घटना उसी गिरते धार्मिक चरित्र की झलक है, जो समाज के लिए चिंता का विषय बन चुकी है। धर्म के नाम पर हथियार उठाने वाले ऐसे लोगों से समाज को सावधान रहना होगा, ताकि आस्था अपराध का आवरण न बन जाए।
इनका कहना:-
यह मामला अभी हमारे संज्ञान में नहीं है, मामला संज्ञान में आते ही, जल्द ही जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
राजवीर सिंह गुर्जर
थाना प्रभारी रौन


