वीरेंद्र कुमार/ मुरैना ब्यूरो
मुरैना 17 दिसम्बर। परिवहन आयुक्त, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मुरैना जिला अन्तर्गत मुरैना से धौलपुर मार्ग तथा मुरैना से ग्वालियर मार्ग व्हीआईपी रोड़ आदि स्थानों पर संचालित स्कूलों में बुधवार को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्रीमती अर्चना परिहार ने पहुंचकर स्कूल परिसर में खडे स्कूल वाहनों का मौके पर भौतिक रूप से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान वाहनों के फिटनेस, परमिट एवं जरूरी दस्तावेजो की जाँच की गई तथा शहरी सीमा में धौलपुर रोड, ए.बी. रोड छौदा टोल प्लाजा के पास स्कूल वाहनों की चैकिंग की कार्यवाही की गई। जिसमें ओव्हर लोडिंग, वीमा, फिटनेस, परमिट एसएलडी, व्हीएलटीडी आदि जरूरी उपकरणों की जांच की गई। जांच के दौरान 65 से अधिक वाहनों एवं 08 स्कूल वाहनों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही कर 69 हजार 900 रूपये का राजस्व वसूल गया। 01 स्कूल बस एवं 01 मैजिक वाहन बिना बैध दस्तावेज मोटरयान नियमों के विरूद्ध संचालित पाये जाने के कारण जप्त कर पुलिस थाना यातायात पर सुरक्षार्थ रखा गया।

जप्त किये गये 02 स्कूल वाहनों से 65 हजार रूपये का राजस्व वसूल किया जाना संभावित है। कार्यवाही में परिवहन प्रधान आरक्षक अभिषेक सहित नगर सैनिक एवं कार्यालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। परिवहन विभाग द्वारा चलाये जा रहे वाहनों की चैकिंग का अभियान निरंतर जारी है। मुरैना जिले के अंतर्गत समस्त स्कूल वाहन चालक, संचालको को सूचित किया है कि वाहन के वैध दस्तावेज पूर्ण होने पर ही वाहन का संचालन किया जाना सुनिश्चित किया जाए, जिससे चैकिंग के दौरान होने वाली असुविधा से बचा जा सकें।

