प्रियंका ओझा/रौन
मेहगांव। अवैध हथियारों की धरपकड़ एवं अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मेहगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी 315 बोर का कट्टा और दो जिंदा राउंड बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरजकुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी मेहगांव संजय कोच्छा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोरमी रोड स्थित ग्राम कन्हारी के आरोग्यधाम के पास दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से बैठे हुए हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि दोनों युवकों की मौजूदगी से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
मुखबिर की सूचना को विश्वसनीय मानते हुए थाना मेहगांव पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के कब्जे से देशी 315 बोर का कट्टा तथा दूसरे आरोपी के पास से दो जिंदा राउंड बरामद किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम राठौर पुत्र रामअवतार राठौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 12, राजेश गली, मो रोड, मेहगांव तथा नीतेश पुत्र रामनिवास कुशवाह, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम बहारपुरा, थाना मेहगांव के रूप में की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 25(1-B)(a) आयुध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अवैध हथियार कहां से लेकर आए थे और उनका किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने का इरादा था या नहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और उनके जरिए अपराध करने वाले लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

