कुकिंग प्रतियोगिता के साथ छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल और ई-स्कूटी
प्रियंका ओझा/ रौन संवददाता
मेहगांव 26 जून। जनपद पंचायत मेहगांव द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, युवाओं की शिक्षा और नशा मुक्ति का संदेश दिया। सांदीपनि बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कुकिंग प्रतियोगिता और शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित निःशुल्क साइकिल एवं ई-स्कूटी वितरण समारोह में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
कुकिंग प्रतियोगिता में क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने पारंपरिक और आधुनिक व्यंजनों का आकर्षक प्रदर्शन किया। निर्णायकों ने स्वाद, प्रस्तुति, स्वच्छता और नवाचार के आधार पर विजेताओं का चयन किया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री शुक्ला ने विजेता महिलाओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की रीढ़ हैं। उनके कौशल और रचनात्मकता को पहचानकर उन्हें स्व-रोजगार से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि घरेलू कुकिंग को छोटे-छोटे उद्यमों में बदलकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती हैं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने युवा पीढ़ी से पारंपरिक भारतीय पाक कला को संरक्षित रखने के साथ-साथ पौष्टिक भोजन और स्वच्छता को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही जनपद पंचायत मेहगांव, विद्यालय प्रबंधन और कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर मंत्री श्री शुक्ला ने उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है तथा इसके खिलाफ जनजागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा, पुनर्वास और कानून व्यवस्था के माध्यम से नशा मुक्ति अभियान को लगातार मजबूत कर रही है और इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

इसके बाद सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय में निःशुल्क साइकिल वितरण एवं मेधावी छात्र योजना के अंतर्गत ई-स्कूटी वितरण समारोह आयोजित किया गया। मंत्री श्री शुक्ला ने पात्र छात्र-छात्राओं को साइकिल और ई-स्कूटी वितरित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और बेहतर परिवहन सुविधाएं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों की विद्यालय तक पहुंच आसान होगी और उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, वहीं ई-स्कूटी योजना दूरस्थ क्षेत्रों के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। इससे समय की बचत होगी और पढ़ाई के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
मंत्री श्री शुक्ला ने विद्यार्थियों के परिश्रम और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, ताकि किसी भी छात्र की पढ़ाई संसाधनों के अभाव में प्रभावित न हो। कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं योजना का लाभ प्रदान किया गया।

